इजराइल और हमास की जंग और खतरनाक होती जा रही है। इजराइल लगातार बमबारी कर रहा है और गाजा में हमास के ठिकानों की कमर तोड़ी जा रही है। कल गुरुवार को इजराइल ने थोड़ी देर के लिए जमीनी हमला भी किया। इजराइल के टैंक और सेना गाजा में तबाही मचाकर वापस बॉर्डर पर लौट आए। इसी बीच यह माना जा रहा है कि मिडिल ईस्ट के हालात इस ताजा जंग के मद्देनजर और बिगड़ सकते हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इजराइल हमास की जंग के बीच अमेरिका द्वारा 900 सैनिकों की पश्चिम एशिया में तैनाती की जा रही है।
इस संबंध में पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने कहा कि सैनिकों के साथ ही एयर डिफेंस के लिए फोर्ट ब्लिस टेक्सास से थाड सिस्टम (टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस बैटरी), फोर्ट सिल ओकलाहामा से पैट्रियट बैट्रीज और फोर्ट लिबर्टी, नॉर्थ कैरोलिना से पैट्रियट और अवेंजर्स बैट्रीज की ब्रिगेड भी तैनात की जा रही है। पैट राइडर ने हालांकि इस बात का खुलासा नहीं किया कि अमेरिकी सैनिकों की पश्चिम एशिया में किस जगह तैनाती की जाएगी, लेकिन उन्होंने साफ किया कि ये सैनिक इजराइल नहीं भेजे गए हैं बल्कि पश्चिम एशिया में पहले से मौजूद अमेरिकी सेना की सुरक्षा को मजबूत करने के लिहाज से इन सैनिकों की तैनाती हो रही है।
9 दिन में अमेरिका पर 16 बार हुए हमले
पेंटागन अधिकारी ने बताया कि 17 अक्तूबर से 26 अक्तूबर के बीच अमेरिका और इसके सहयोगी बलों पर कम से कम 12 बार इराक से, चार बार सीरिया से हमले हुए हैं। इनमें ड्रोन और रॉकेट हमले शामिल हैं।
पेंटागन की तरफ से ये भी कहा गया कि अमेरिका, इजराइल को दो आयरन डोम सिस्टम उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। ताकि इजराइल की सुरक्षा क्षमता को बढ़ाया जा सके। बता दें कि पेंटागन ने हाल ही में करीब दो हजार अमेरिकी सैनिकों को पश्चिम एशिया में तैनात करने की तैयारी की हुई है।
इजराइल की ताजा एयर सट्राइक में 50 बंधकों की मौत
गौरतलब है कि गाजा पर इजरायल की सैन्य कार्रवाई के बीच हमास ने दावा किया है कि इजरायल की ओर से किए गए एयरस्ट्राइक में 50 बंधकों की मौत हो गई है। यह दावा हमास की सैन्य शाखा अल-कसम ब्रिगेड की ओर से किया गया है। अल-कसम ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा कि गाजा इलाके पर इजरायल की बमबारी में अब तक गाजा पट्टी में करीब 50 इजरायली बंधकों की मौत हो चुकी है। हालांकि अल-कसम की ओर से बंधकों की मौत को लेकर और ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।
इजराइल और हमास के बीच जारी जंग का आज 21वां दिन है। इजराइली सेना ने गुरुवार रात को बताया कि उन्होंने हमास के 5 सीनियर कमांडरों को मार गिराया है। इनमें हमास इंटेलिजेंस का डिप्टी हेड शादी बारूद भी शामिल है। वो इजराइल पर हमले करने वाले हमास के पॉलिटिकल विंग के लीडर याह्या सिनवार के साथ मिलकर काम करता था।
दूसरी तरफ, हमास ने दावा किया है कि इजराइली हमले में 50 बंधकों की मौत हो गई। है। इसके पहले हमास ने दावा किया था कि 20 बंधक इजराइली हमले में मारे गए हैं। दरअसल, 7 अक्टूबर को हमास के लड़ाके 200 से 250 इजराइली और विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर गाजा ले गए थे। इनमें से अब तक 4 बंधकों को रिहा किया गया है।
मिस्र के तबा शहर में मिसाइल गिरी, 6 घायल
मिस्र के अल काहेरा न्यूज के मुताबिक, इजराइली सीमा के पास मिस्र के लाल सागर रिसॉर्ट शहर तबा की एक मेडिकल फैसिलिटी के पास एक मिसाइल गिरी, जिससे छह लोग घायल हो गए। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि मिसाइल जंग से संबंधित थी या किसी गलत टेस्टिंग की वजह से ऐसा हुआ।
अमेरिका ने गुरुवार को सीरिया में ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिका ने इसे इराक और सीरिया में उनकी सेना पर हुए हमले का बदला बताया। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि इस हमले का आदेश राष्ट्रपति बाइडेन ने दिया था, जिससे अमेरिका ये मैसेज दे सके कि वो अपनी सेना पर हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा।

रिपोर्ट का दावा- इजराइल बंधकों की रिहाई के लिए सौदे करने को तैयार
कान पब्लिक ब्रॉडकास्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल ने मध्यस्थता करवाने वाले कतर को बताया है कि वो बड़ी संख्या में बंधकों की रिहाई के लिए सौदा करने को तैयार है। हालांकि, इजराइल बंदियों के बदले हमास को क्या देगा इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
गाजा में बड़े पैमाने पर फ्यूल की क्राइसिस है, जिसकी वजह से लोगों की जिंदगी पर असर पड़ रहा है। इजराइल ने गाजा में ईंधन की सप्लाई रोक रखी है, क्योंकि उसे डर है कि इसका इस्तेमाल हमास हमलों के लिए करेगा।
जंग में सीजफायर के लिए आज UN में वोटिंग
गाजा में लगातार हो रहे हमलों के बीच मानवीय संकट बढ़ता जा रहा है। इस बीच गुरुवार को UN मीटिंग में यूरोपियन लीडर्स ने जंग को कुछ दिन रोकने की मांग उठाई। इसका मकसद गाजा में मानवीय मदद पहुंचाना है। शुक्रवार को UN जनरल असेंबली के एक स्पेशल सेशन में सीजफायर को लेकर एक ड्राफ्ट पर वोटिंग होगी।
दरअसल, WHO ने बताया था कि गाजा में फिलहाल सुविधाओं और खास तौर पर ईंधन की कमी के चलते 35 में से 12 अस्पताल बंद हो चुके हैं। वहीं 7 बड़े अस्पतालों में क्षमता से ज्यादा मरीज भर्ती हैं, जिससे वहां लोड बढ़ता जा रहा है। इस बीच यूरोपियन यूनियन के नेता गुरुवार को ब्रसेल्स में बैठक करेंगे। इस दौरान वो मानवीय मदद के लिए जंग को कुछ समय तक रोकने की संभावना पर चर्चा करेंगे।
इजराइली हमले में हमास के रॉकेट मैन की मौत
इजराइली सेना ने गुरुवार को गाजा में 250 जगहों पर हमला किया है। इस दौरान उन्होंने हमास के ठिकानों, कमांड सेंटर, सुरंगों और रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया। IDF ने बताया है कि उनके हमले में हमास का रॉकेट मैन हसन अल अब्दुल्लाह मारा गया है।
उत्तरी गाजा से इजराइल की तरफ दागे जाने वाले रॉकेट्स की जिम्मेदारी अब्दुल्लाह के पास थी। इजराइली खुफिया एजेंसी शिन बेत ने IDF को उसके ठिकानों की जानकारी दी थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, गुरुवार को कुछ ही घंटों में इजराइल ने दक्षिणी गाजा में 48 जगहों पर एयरस्ट्राइक की हैं। इनमें 481 लोगों की मौत हो गई। ये वो लोग हैं जो इजराइल की उत्तरी गाजा छोड़ने की चेतावनी के बाद वहां आए थे। जंग में अब तक 7 हजार फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 3 हजार बच्चे हैं।

गाजा में टैंकों के साथ घुसी सेना
इस बीच पहली बार इजराइल के PM बेंजामिन नेतन्याहू ने माना कि इजराइल 7 अक्टूबर के हमले को रोकने में नाकाम रहा। नेतन्याहू ने कहा- आने वाले समय में 7 अक्टूबर को हमास का हमला न रोक पाने के लिए मेरे साथ ही सभी को जवाब देना पड़ेगा।
वहीं, इजराइली सेना ने बताया कि वो बुधवार रात टैंकों के साथ उत्तरी गाजा में घुसे थे। उन्होंने हमास के कई ठिकानों और रॉकेट लॉन्च पोजिशन को निशाना बनाया। दूसरी तरफ, यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल अमेरिका की बात मानकर जमीनी हमले को कुछ समय तक टालने के लिए तैयार हो गया है।







