नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए 16 जून की सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। JDU से रत्नेश सदा मंत्री पद की शपथ लेंगे।
बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार 16 जून को किया जाएगा। 16 जून की सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। जनता दल यूनाइटेड से रत्नेश सदा मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसे लेकर राज्यपाल सचिवालय, बिहार की ओर से एक पत्र भी जारी किया गया है।

राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी किया गया पत्र
सीएम नीतीश से मिले रत्नेश सदा
संतोष सुमन के इस्तीफे के बाद जदयू विधायक रत्नेश सदा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके मंत्री बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई।
इसका एक और कारण यह है कि रत्नेश सदा उसी समाज से आते हैं, जिस समाज से संतोष सुमन हैं। ऐसे में सदा को मंत्री बनाए जाने से मांझी समुदाय को साधने की कोशिश हो सकती है।
तेजस्वी बोले- मंत्रिमंडल विस्तार का निर्णय मुख्यमंत्री लेंगे
वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में पूछे जाने पर डिप्टी सीएम तेजस्वी ने मंगलवार को कहा कि यह मुख्यमंत्री का निर्णय होता है। संतोष मांझी के इस्तीफे पर तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कोई यह नहीं कह सकता कि जीतन राम मांझी को सम्मान नहीं दिया। उन्हें मुख्यमंत्री भी बनाया गया। उनके पुत्र को हम लोगों ने एमएलसी बनाया। उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई।







