RBI ने सभी बैंकों से अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) को दिए कर्ज की जानकारी मांगी है। यह खबर देनी वाली न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि आरबीआई के अफसरों ने इस पर कमेंट्स करने से इनकार कर दिया। हालांकि, बिना नाम बताए यह जानकारी दी है। फुली सबस्क्राइब्ड FPO के रद्द होने के बाद ग्रुप के शेयर्स में गुरुवार को 10% तक गिरावट देखी जा रही है।
उधर, लोकसभा और राज्यसभा में इस मामले की जांच की मांग को लेकर हंगामा हुआ। इससे दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। बता दें कि बुधवार देर रात अडाणी ग्रुप ने 20 हजार करोड़ रुपए के फुली सबस्क्राइब्ड FPO को रद्द कर दिया था। कंपनी ने कहा था कि इन्वेस्टर्स का पैसा वापस किया जाएगा। इससे पहले बुधवार को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 26.70% गिरकर 2179.75 पर बंद हुआ था। यही वजह थी कि अडाणी ग्रुप ने FPO वापस लेने का फैसला लिया।
अडाणी खुद सामने आए, निवेशकों को VIDEO संदेश दिया
अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने बुधवार देर रात 20 हजार करोड़ रुपए के फुली सबस्क्राइब्ड FPO को रद्द कर दिया। इन्वेस्टर्स का पैसा वापस किया जाएगा। बुधवार को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 26.70% गिरकर 2,179.75 पर बंद हुआ था। आज भी इसमें करीब 10% की गिरावट है। शेयर में आई जबरदस्त गिरावट के कारण ही अडाणी ग्रुप ने FPO वापस लेने का फैसला लिया है।
गौतम अडाणी ने FPO रद्द करने के बाद एक वीडियो मैसेज दिया। इसमें इन्वेस्टर्स का शुक्रिया अदा किया। कहा, ‘पिछले हफ्ते स्टॉक में हुए उतार-चढ़ाव के बावजूद कंपनी के बिजनेस और उसके मैनेजमेंट में आपका भरोसा हमारे लिए आश्वासन देने वाला है। मेरे लिए मेरे निवेशकों का हित सर्वोपरि है। बाकी सब कुछ सेकेंडरी है। इसलिए निवेशकों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए हमने FPO वापस ले लिया है। बोर्ड ने महसूस किया कि FPO के साथ आगे बढ़ना नैतिक रूप से सही नहीं होगा।’







