बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन के केन्द्रीय हॉल में बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बिहार सरकार के संसदीय कार्य सह शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी शिरकत की। इस अवसर पर बिहार विधान सभा के सचिव शैलेन्द्र कुमार सिंह‚ संयुक्त सचिव पवन कुमार पांडेय‚ प्रेस सलाहकार समिति के सदस्य सभा सचिवालय के पैनेल से जुडे पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं के साथ सभा सचिवालय के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने संविधान दिवस की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह दिन ड़ॉ. राजेन्द्र प्रसाद‚ बाबा साहब अंबेदकर सहित उन सभी महान विभूतियों को याद करने का दिन है‚ जिन्होंने आजाद भारत को इतना शानदार संविधान दिया। उन्होंने संविधान निर्माण में बिहार के विशेष योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि संविधान सभा के अस्थायी एवं स्थायी सभापति सच्चिदानंद सिन्हा एवं राजेन्द्र प्रसाद दोनों बिहारी थे। श्री सिन्हा ने संविधान दिवस के अवसर पर विशेष रूप से समाज में सभी लोगों से अपने नैतिक दायित्व के निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान दिवस के संदर्भ में इस बात का उल्लेख किया है कि हमारे संविधान की आत्मा इसकी प्रस्तावना में निहित है। इसलिए हम सभी को आज इस प्रस्तावना को एक संकल्प के रूप में आत्मसात करना चाहिए।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संविधान की बारीकियों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संविधान किसी भी देश का मौलिक कानून होता है। बिहार विधान सभा के सचिव शैलेन्द्र सिंह ने इस सभा में अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन में विधान सभा के संयुक्त सचिव पवन कुमार पांडेय ने कार्यक्रम को संबोधित किया। विधायकों के साथ पत्रकारों का भी होगा प्रबोधनः विधान सभा के नये सदस्यों के साथ उनके निजी सचिवों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम चलेगा। इतना ही नहीं‚ इस बार पत्रकारों को भी प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल किया जायेगा। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकार सलाहकार समिति की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय सत्र की समाप्ति के बाद यह कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी आमंत्रित किया जायेगा।







