बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी और दरभंगा के डीटीओ राजीव कुमार ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। परिवहन विभाग के प्रधान सचिव को लिखे त्यागपत्र में उन्होंने कहा है कि कर्तव्य का पालन करने में मैं आत्मसम्मान, स्वाभिमान व गरिमा की रक्षा करने में असमर्थ हूं। ऐसी परिस्थिति में नौकरी कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है इसलिए पद से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने अपना त्यागपत्र सामान्य प्रशासन विभाग को भी भेज दिया है। राजीव कुमार 2011 में बिहार प्रशासनिक सेवा में चुने गए थे।
मालूम हो कि कुछ दिन पूर्व डीटीओ ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दिलीप कुमार व कनीय अभियंता के वाहनों को उनके आवास से जब्त कर थाने में लगवा दिया था। उसके बाद से कार्यपालक अभियंता एवं डीटीओ के बीच आन की लड़ाई चल रही थी। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एमएस के निर्देश के बाद कार्यपालक अभियंता के वाहन को थाना से मुक्त करवाया गया था। सरकारी आवासीय परिसर की मरम्मत को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।