बिहार में उमस भरी गर्मी के बीच कई जिलों का मौसम शनिवार को बदल गया। सुबह बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, कटिहार और जमुई में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। जमुई में बिजली गिरने से 47 साल के शख्स की मौत हुई है। मुंगेर में भी एक 50 साल के किसान की जान चली गई। किसान की पहचान गणेश यादव के रूप में हुई है।मौसम विभाग ने आग प्रदेश के 12 जिलों में ऑरेंज और 15 में में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 60KMPH की रफ्तार से हवा चल सकती है।इसके अलावा पटना समेत दक्षिण बिहार के 11 जिलों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांक, हल्के बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।
जमुई में आकाशीय बिजली से एक शख्स की मौत
जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के कोनन इलाके में शुक्रवार देर रात आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 साल के महेंद्र यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

निम्न दबाव और नमी की वजह से बादल मौसम
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गर्मी और लू जैसे हालात बने है। पूर्वी बिहार और उत्तर बिहार के कई जिलों में नमी वाली हवा चल रही है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर बने निम्न दबाव और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण बादल बन रहे हैं और बारिश भी हो रही है।
वहीं, दक्षिण और पश्चिम बिहार में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह मानसून से पहले की गतिविधियों का प्रभाव है, जिसके कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है।
बिहार में मानसून कब पहुंचेगा
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरलम में दस्तक दे दी है। अब यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसकी प्रगति सामान्य रही तो अगले एक से दो सप्ताह के भीतर बिहार में भी मानसून की एंट्री हो सकती है। आमतौर पर बिहार में मानसून जून के दूसरे पखवाड़े में सक्रिय होता है।
पटना में आज हल्की बारिश की चेतावनी
राजधानी में शनिवार को बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।







