पिछले हफ्ते के गिरावट के बाद शेयर बाजार में आज यानी सोमवार, 1 सितंबर को सेंसेक्स 350 अंक चढ़कर 80,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 100 अंक की तेजी है, ये 24,520 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयरों में तेजी और 5 में गिरावट है। इंफोसिस, पावर ग्रिट, टेक महिंद्रा, जोमैटो और TCS के शेयरों में 1% से ज्यादा की तेजी है। रिलायंस, HUL और मारुति में मामूली गिरावट है।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 40 में तेजी और 10 में गिरावट है। NSE के IT, ऑटो और बैंकिंग इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी। FMCG, रियल्टी और ऑयल एंड गैस में गिरावट है।
ग्लोबल मार्केट में मिलाजुला कारोबार
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 2.03% नीचे 41,850 पर और कोरिया का कोस्पी 0.74% गिरकर 3,162 पर कारोबार कर रहा है।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 2.03% ऊपर 25,585 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.47% चढ़कर 3,876 पर कारोबार कर रहा है।
- 29 अगस्त को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.20% गिरकर 45,545 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में 1.15% और S&P 500 में 0.64% की गिरावट रही।
29 अगस्त को घरेलू निवेशकों ने ₹11,488 करोड़ के शेयर्स खरीदे
- 29 अगस्त को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में 8,312.66 करोड़ के शेयर्स बेचे। वहीं, घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 11,487.64 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
- अगस्त महीने में विदेशी निवेशकों ने ₹46,902.92 करोड़ के शेयर्स बेचे हैं। वहीं, घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 94,828.55 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी किए।
- जुलाई महीने में विदेशी निवेशकों ने कुल 47,666.68 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे। वहीं, घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में ₹60,939.16 करोड़ की नेट खरीदारी की थी।
पिछले हफ्ते 1500 अंक गिरा था बाजार
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार, 29 अगस्त को सेंसेक्स 271 अंक गिरकर 79,810 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 74 अंक की गिरावट रही, ये 24,427 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में तेजी और 13 में गिरावट रही। ITC और BEL सहित 6 शेयर्स 2% तक चढ़कर बंद हुए। महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस और इंफोसिस के शेयरों में 3% तक की गिरावट रही।
निफ्टी के 50 में 23 शेयरों में तेजी है, जबकि 27 नीचे बंद हुए। NSE के रियल्टी, ऑटो और ऑयल एंड गैस में सबसे ज्यादा गिरावट है। FMCG और मीडिया इंडेक्स में तेजी रही। हफ्तेभर के कारोबार में बाजार में कुल 1497 अंक की गिरावट रही।
सेंसेक्स की 30 में से 27 कंपनी के शेयरों ने हरे निशान में शुरू किया कारोबार
सोमवार को सेंसेक्स की 30 में से 27 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में खुले और बाकी 3 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। इसी तरह, निफ्टी 50 की भी 50 में से 40 कंपनी के शेयरों ने तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार शुरू किया और 8 कंपनी के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। जबकि 2 कंपनियों के शेयरों ने बिना किसी बदलाव के कारोबार शुरू किया। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल आईटी कंपनी इंफोसिस के शेयर आज सबसे ज्यादा 1.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर आज सबसे ज्यादा 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।
किस कंपनी के शेयर की कैसी रही शुरुआत
सेंसेक्स की बाकी कंपनियों में आज पावरग्रिड के शेयर 1.51 प्रतिशत, ट्रेंट 0.85 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 0.78 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.78 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.77 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.74 प्रतिशत, टीसीएस 0.73 प्रतिशत, एलएंडटी 0.72 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.65 प्रतिशत, बीईएल 0.65 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 0.60 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.58 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.49 प्रतिशत, टाइटन 0.48 प्रतिशत, एटरनल 0.46 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.43 प्रतिशत, एसबीआई 0.40 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 0.25 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 0.21 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.19 प्रतिशत, सनफार्मा 0.16 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.11 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.10 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.09 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 0.06 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले।
वहीं दूसरी ओर, मंगलवार को मारुति सुजुकी के शेयर 0.17 प्रतिशत और आईटीसी के शेयर 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।







