बिहार में तेजस्वी यादव, झारखंड में हेमंत सोरेन और दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ईडी के निशाने पर हैं। हेमंत सोरेन से बुधवार को पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन होंगे। ईडी की राज्यों में हो रही कार्रवाई को लेकर बिहार में भी सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है।
कांग्रेस ने कहा कि नीतीश ईडी के छापों से डर गए थे, इसलिए वो NDA में शामिल हो गए। राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि भाजपा का डर जग जाहिर है हम हेमंत सोरेन के साथ खड़े हैं। इधर, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर विपक्षियों पर निशाना साधा है।
भाजपा का जिक्र करते हुए एक्स पर उन्होंने लिखा है कि बिहार, चंडीगढ़ और अब झारखंड। भाजपा ने एक ही हफ्ते में लोकतंत्र और संघवाद को तार-तार कर दिया है।
चुनावी हार के डर से जांच एजेंसियों की निष्पक्षता खत्म कर, एजेंसियों को बीजेपी का प्रकोष्ठ बनाकर, केंद्र सरकार क्या-क्या कर रही है। अब यह बात किसी से छिपी नहीं है। अहंकार से चूर भाजपा की हेकड़ी अब जनता तोड़ेगी।
बुधवार को भी ईडी के अफसर राबड़ी आवास पहुंचे थे
बुधवार को भी ईडी के तीन अफसर राबड़ी देवी के पटना आवास पर आए थे। झारखंड में जहां आदिवासी मूलवासी संगठन का झारखंड बंद गुरुवार को है। वहीं बिहार में लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के समर्थकों में काफी गुस्सा है। नीतीश कुमार द्वारा सत्ता से अलग किए जाने और ईडी की दबिश दोनों वजहों से यह गुस्सा है। तेजस्वी यादव ने कह दिया है कि खेला तो अब शुरू होगा..हम लालू यादव के बेटे हैं जब वे नहीं झुके तो तेजस्वी भी नहीं झुकेगा।
लालू बोले-हम मजबूती से हेमंत के साथ हैं
झारखंड की लोकप्रिय सरकार के जनप्रिय आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को केंद्र की तानाशाह सरकार प्रताड़ित कर रही है। भाजपा के यह घिनौने हथकंडे अल्प समय के लिए परेशान तो कर सकते हैं पर पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और हाशियों पर रहने वाले समूहों के संकल्प और महत्वाकांक्षाओं को पराजित नहीं कर सकते। भाजपा का डर जग-ज़ाहिर है और जनता भी यह बात अब समझ चुकी है। हम मजबूती से हेमंत के साथ हैं।
राजनीतिक हित साधने के लिए जांच एजेंसियों का दरुपयोग: आरजेडी
हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा है कि विपक्षी दलों को निशाने पर रखकर राजनीतिक हित साधने का अभियान बीजेपी कर रही है। हेमंत सोरेन के साथ जिस तरह का माहौल बनाया गया। इससे स्पष्ट है कि बीजेपी अपने राजनीतिक विरोधियों को जो भाजपा की नीतियों का विरोध कर रहे हैं।
जांच एजेंसियों के डर से भाजपा का दामन नहीं थाम रहे हैं। उनको प्रताड़ित कर रही है। इन एजेंसियों का जिस तरह से उपयोग किया जा रहा है। उससे साफ है कि आने वाले समय में देश की जनता सब कुछ देख रही है। इसका परिणाम बीजेपी को चुनाव में भुगतना होगा।
भाजपा नेता ने क्या कहा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुंतल कृष्णन ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल का चाल, चरित्र और चेहरा यही है। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का विरोध और भ्रष्टाचारियों का सहयोग, भ्रष्टाचारियों का समर्थन। जो भी भ्रष्टाचार कर रहा है तो वह जेल जा रहे हैं। चाहे अंजाम कुछ भी हो।
भारतीय जनता पार्टी सरकार और नरेंद्र मोदी का भ्रष्टाचार पर प्रहार रुकेगा नहीं। हम हर चुनौती के लिए तैयार हैं। राष्ट्रीय जनता दल 2024 की बात कर रही है, हम हर चुनौती के लिए तैयार हैं।
लालू प्रसाद और लालू प्रसाद का परिवार भ्रष्टाचार का प्रतीक है। लालू प्रसाद यादव भ्रष्टाचार के मामले में सजायाफ्ता हैं। सिर्फ हेमंत सोरेन ही नहीं। बल्कि जिस जिसने भ्रष्टाचार किया है, गरीब का पैसा खाया है।
हर कोई जेल के पीछे होगा। यह नरेंद्र मोदी सरकार की गारंटी है। भ्रष्टाचार पर लगातार प्रहार होगा। चुनौती के लिए हम तैयार हैं।
जेल जाने के डर से भाजपा के साथ गए नीतीश
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने हेमंत सोरेन पर हुई कार्रवाई पर कहा है कि नरेंद्र मोदी का 10 साल का कार्यकाल असफल रहा है। 2024 में उनकी हार सुनिश्चित है। इस हार से बचने के लिए विपक्षी पार्टियों के जितने भी बड़े नेता हैं। उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई कर रहे हैं।
खासकर जो दलित, पिछड़ा और आदिवासी नेता हैं उनको जेल भेजने का काम कर रहे हैं। इसी क्रम में हेमंत सोरेन को जेल भेजा गया है। तेजस्वी यादव को जेल भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने का प्रयास किया जा रहा है। क्योंकि वह भी पिछड़ा हैं। नीतीश कुमार जेल जाने के डर से ही एनडीए में चले गए।
सृजन घोटाला का बड़ा आरोप नीतीश कुमार पर है। नरेंद्र मोदी सीबीआई और ED के दम पर विपक्ष को खत्म करने का काम कर रहे हैं, लेकिन वोट जनता के हाथ में है।