बिहार के जिलों में तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। पटना समेत प्रदेश में गर्म पछुआ हवा के कारण लू की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश के दक्षिणी मध्य व दक्षिण पूर्वी भागों अगले चार दिनों तक लू के हालात बने रहने के आसार है। मौसमी प्रभाव को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर के वक्त खास तौर पर सावधानी बरतनें की सलाह दी गई है।
राजधानी पटना समेत प्रदेश के औरंगाबाद में शनिवार को ही (हीट वेव) लू के कारण दोपहर में लोग घरों में दुबके रहे। बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य शहरों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। बीते दिन पटना का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 43.0 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
बिहार के 16 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और औरंगाबाद का 43 डिग्री दर्ज किया गया। पटना और औरंगाबाद में शनिवार को हीट वेव की स्थिति रही।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 20 अप्रैल तक राज्य के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। 21 अप्रैल के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। लेकिन 26 अप्रैल के बाद फिर से लोगों को गर्मी की मार झेलनी होगी।
20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, मधेपुरा, किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, तो दक्षिण मध्य बिहार में पटना, गया, शेखपुरा, बेगूसराय, नवादा, लखीसराय, जहानाबाद और नालंदा तो दक्षिण पूर्व के भागलपुर, जमुई, बांका, मुंगेर और खगड़िया में हिट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अधिकारी संजय कुमार के अनुसार, झारखंड, मध्य प्रदेश में 30 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चक्रवाती हवा सक्रिय है। इसके प्रभाव से ही विहार में हीट वेव जैसे हालात हैं।
औरंगाबाद रहा सबसे गर्म
शनिवार को औरंगाबाद जिला सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि गया 41.6 डिग्री, भागलपुर और सुपौल 40 डिग्री, पूर्णिया 40.1 डिग्री, रोहतास 41.8 डिग्री, शेखपुरा 42.1 डिग्री, जमुई 41.3 डिग्री, भोजपुरी 41.7 डिग्री, वैशाली 41.1 डिग्री, खगड़िया 42.2 डिग्री, बांका 41.4 डिग्री, नवादा 41.6 डिग्री, नालंदा 42.4 डिग्री और सीवान का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार के इन जिलों में छाएंगे बादल
वरीय मौसम विज्ञानी डा. सतार ने बताया कि अगले दो दिनों तक उत्तर बिहार के जिलों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। पूर्वी चंपारण, अररिया, किशनगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी समेत अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान में वृद्धि होगी। तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। औसतन 10 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ चलती रहेगी। गेहूं की कटनी व दौनी में सावधानी रखें। किसान अपने आम व लीची के बाग में नमी बनाए रखें। दुघारू पशुओं पर पूरा ध्यान दें। उसको धूप से बचाने के साथ ही पानी व भोजन का इंतजाम रखें।