कर्नाटक चुनाव में उम्मीदवार तय करने के लिए आज भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। दोपहर बाद होने वाली इस मीटिंग में PM मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और भाजपा महासचिव बीएल संतोष समेत तमाम सीनियर लीडर मौजूद रहेंगे। इसी दिन भाजपा की कैंडिडेट लिस्ट जारी हो सकती है।
कर्नाटक चुनाव के 31 दिन पहले कांग्रेस ने रविवार को बड़ा फैसला लिया। पार्टी ने बीएन चंद्रप्पा को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया है। कर्नाटक में अभी डीके शिवकुमार पार्टी के प्रेसिडेंट हैं।
मौजूदा सरकार का कार्यकाल 24 मई को खत्म हो रहा
राज्य में मौजूदा भाजपा सरकार का कार्यकाल 24 मई को खत्म हो रहा है। इस बार मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और JDS के बीच रहेगा। पिछली बार JDS-कांग्रेस साथ थी, लेकिन इस बार JDS अलग चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस, जेडीएस और आप ने उम्मीदवारों का एलान किया
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस, जेडीएस और आम आदमी पार्टी (AAP) अपने कुछ उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है।
10 मई को होंगे कर्नाटक विधानसभा चुनाव
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 10 मई को होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। वोटिंग एक चरण में कराई जाएगी। कर्नाटक में 5.21 करोड़ मतदाता हैं, जो 224 विधानसभा सीटों पर मतदान करेंगे। जो लोग 1 अप्रैल को 18 साल के होंगे, वो भी वोट डाल सकेंगे।
कर्नाटक इलेक्शन के 4 बड़े पॉइंट्स…
- 16,976 लोग 100 साल से ऊपर हैं। 80 साल से ऊपर और दिव्यांगों के लिए घर से वोटिंग की सुविधा।
- 9.17 लाख वोटर्स पहली बार वोट डालेंगे।
- 1 अप्रैल को 18 साल के हो रहे युवा भी वोट डाल सकेंगे। इनकी संख्या 41 हजार है।
- 58,282 पोलिंग स्टेशन हैं। इनमें 1320 महिलाएं मैनेज करेंगी।
कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 104, कांग्रेस को 78 और JDS ने 37 सीटें जीती थीं। किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। येदियुरप्पा ने 17 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और सदन में बहुमत साबित नहीं करने के कारण 23 मई को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कांग्रेस-JDS की गठबंधन सरकार बनी।
14 महीने बाद कर्नाटक की सियासत ने फिर करवट ली। कांग्रेस और JDS के कुछ विधायकों की बगावत के बाद कुमारस्वामी को कुर्सी छोड़नी पड़ी। इन बागियों को येदियुरप्पा ने भाजपा में मिलाया और 26 जुलाई 2019 को 219 विधायकों के समर्थन के साथ CM बीएस येदियुरप्पा बने, लेकिन 2 साल बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। बसवराज बोम्मई को यहां का मुख्यमंत्री बना दिया गया।