केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ दंगों को लेकर तीखी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बिहार अब बंगाल की राह पर चल पड़ा है। सासाराम में पलायन हो रहा है। हिंदू घर छोड़कर पलायन को मजबूर हैं। लेकिन सरकार के अधिकारी झूठ बोल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एनबीटी की दोनों खबरों को संज्ञान लेते हुए सरकार पर तीखे हमले किए। एनबीटी ने सासाराम में हिंदुओं के पलायन की तस्वीर ट्वीट के जरिए बिहार पुलिस और सरकार को दिखाई थी। जिसके बाद सासाराम एसपी ने इस खबर का खंडन किया था। जिसे भी एनबीटी ने अपने ट्विटर हैंडल से जारी किया। पलायन की ऐसी दर्जनों तस्वीरें एनबीटी के पास है लेकिन संवेदनशीलता दिखाते हुए ऐसा नहीं किया जा रहा।
हिंदुओं का हो रहा पलायन : गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नालंदा और सासाराम में हिंदू घर छोड़कर जाने को मजबूर हैं। उनका पलायन हो रहा है। पलायन वहां हो रहा है जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला है। गिरिराज सिंह ने सवालिया लहजे में कहा कि क्या उन्हें हिंदुओं का वोट नहीं चाहिए? यदि नहीं चाहिए तो वह स्पष्ट रूप से कह दें। गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से यह भी सवाल किया कि क्या बिहार सरकार और सरकार के अधिकारियों को यह नहीं पता था कि रामनवमी पर जुलूस निकाला जाएगा?
गिरिराज सिंह ने इंटेलिजेंस पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के इंटेलिजेंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार सरकार और बिहार के मुख्यमंत्री दोनों की नाकामी है। उन्होंने कहा कि या इंटेलिजेंस की भी नाकामी है। गिरिराज सिंह ने कहा कि रामनवमी जुलूस पर हमले के लिए पत्थर जमा किए जा रहे थे। इसकी जानकारी ना तो बिहार कि पुलिस के पास थी और ना ही बिहार के मुख्यमंत्री के पास। गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस चूक की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा-‘यदि बिहार के मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी नहीं है तो इससे बेहतर होगा वह इस्तीफा दे दें।’
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय का महागठबंधन सरकार पर हमला
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बिहार की महागठबंधन सरकार पर हमला बोला है उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है. पिछले 1 महीने में राज्य के अंदर अपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है. नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की सरकार को बिहार के विकास और कानून व्यवस्था से कोई मतलब नहीं है. बिहार में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है. बीजेपी कभी भी साजिश नहीं करती है.