नालंदा और रोहतास जिले में तनाव का आज तीसरा दिन है। दोनों ही शहरों में दिन तो ठीक-ठाक गुजरा मगर शाम होते ही तांडव देखने को मिला। नालंदा के डीएम और एसपी के बयानों में तालमेल देखने को नहीं मिल रहा। डीएम शंशांक शुभंकर को ये नहीं मालूम की गोलीबारी में जख्मी शख्स की मौत हुई है या नहीं? जबकि एसपी अशोक मिश्रा ने समचार एजेंसी एएनआई को बताया की जख्मी शख्स की मौत हो गई है और पोस्ट मार्टम कराया जा रहा है। एसपी के मुताबिक 50 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि डीएम ने कहा 80 से ज्यादा लोगों की अरेस्टिंग हुई है। पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि बिहार शरीफ हिंसा मामले में अब तक आठ एफआईआर दर्ज की गई है। खास बात ये है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले के दोनों ही बड़े अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को ही बयान दिया है, जिसे न्यूज एजेंसी ने अपने ऑफिसियल ट्विटर हैंडल से शेयर किया है।
नालंदा जिला प्रशासन की ओर से रात में अनाउंस किया गया कि बिहार शरीफ के संपूर्ण क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं, रविवार सुबह जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने मीडिया को बताया कि कहीं भी कर्फ्यू नहीं लगाया गया है। जबकि जिस पुलिस की गाड़ी से कर्फ्यू लगाने की घोषणा माइक से की जा रही थी, उसमें एक प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद था। ऐसे में सवाल उठता है कि बिहार शरीफ में कर्फ्यू लगाने को लेकर इतना कन्फ्यूजन क्यों है? क्या प्रशासनिक अधिकारियों में किसी तरह का कोई तालमेल नहीं है?
Nalanda update
नालंदा के बिहारशरीफ से बड़ी खबर
नालंदा के बिहारशरीफ में लगा कर्फ्यू।
लोगो को घर में रहने की अपील।
जिला प्रशासन कर रही अनाउंसमेंट pic.twitter.com/guNmq3Pv8y— Asmeet sinha (@AsmeetonGround) April 1, 2023
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के मुताबिक रात में दो-तीन जगहों पर घटनाएं हुई हैं। स्थिति शांतिपूर्ण है और रात में कार्रवाई भी काफी हुई है। 80 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारियां हुई हैं। फिलहाल माहौल शांति पूर्ण है। सभी वार्ड से लोगों को बुलाया गया है, उनके साथ मीटिंग होगी। कर्फ्यू के मसले पर डीएम ने कहा कि कर्फ्यू नहीं लगाया गया है, धारा 144 लगाई गई है। चार से ज्यादा लोग एक साथ नहीं निकलेंगे। बिना परमिशन के कोई जुलूस नहीं निकाल सकता है। हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। गोलीबारी में तीन लोगों के जख्मी और एक आदमी की मौत की सूचना है, मगर जिलाधिकारी अब तक कन्फर्म नहीं दिखे कि पटना जिसको रेफर किया गया था उसकी मौत हुई है या नहीं? जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस फोर्स की नौ कंपनियों को बाहर से बुलाया गया है, जिनमें आईटीबीपी, रैपिड एक्शन फोर्स और बीएमपी शामिल है।
VIDEO | "Situation is peaceful and we request people not pay heed to rumours. Firing was reported at two places and arrests were made last night itself," says Nalanda DM Shashank Shubhankar on incidents of violence in city on Saturday. pic.twitter.com/clMDoAaR8A
— Press Trust of India (@PTI_News) April 2, 2023
बिहार के पांच जिलों में रामनवमी की शोभायात्रा के बाद हिंसक झड़प हुई है। नालंदा के बिहार शरीफ और सासाराम में दो दिन से फायरिंग और बमबाजी हो रही है। नालंदा में गोली लगने से एक की मौत हुई है, जबकि दोनों जगहों पर कई लोग घायल हैं। दोनों जगहों पर पैरा मिलिट्री की 10 कंपनियां भेजी गई हैं। बिहार शरीफ, सासाराम और गया में 125 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भागलपुर और गया में भी विवाद हुआ है। मुंगेर में भी शनिवार की रात मूर्ति विसर्जन को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज करके मामले को संभाला। पुलिस के मुताबिक सभी जगहों पर स्थिति नियंत्रण में है।
सासाराम पुलिस ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे बम विस्फोट में छह लोग घायल हो गए। जांच में पता चला है कि इनके पास ही बम था। दो को गिरफ्तार किया है। तीन घायलों को बीएचयू में भर्ती कराया गया है। झोपड़ी से एक स्कूटी मिली है।
इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा के बारे में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से फोन पर बात की। उनसे प्रदेश की कानून व्यवस्था की जानकारी ली। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह ने केंद्र सरकार की तरफ से बिहार में एडिशनल फोर्स भेजने को लेकर बात की।बिहार में आज शाम तक केंद्रीय अर्धसैनिक बल भेज दिए जाएंगे।
अपडेट्स…
- केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अब हिंदुओं के लिए दुर्लभ हो रहा है अपने को स्वतंत्र रूप से पूजा-पाठ करना और जुलूस निकालना। सीएम नीतीश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए।
- सासाराम में रविवार को गृह मंत्री अमित शाह की सभा रद्द करनी पड़ी है। यहां 5 आईपीएस अफसरों की तैनाती की गई है।
- सासाराम में स्कूल-कॉलेज 4 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। पूरे नालंदा में धारा 144 लागू है। इंटरनेट बंद है।
- सासाराम में BMP की 4 कंपनियां, SSB की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। RAF के 120 जवान भेजे गए हैं। शहर में 1500 जवानों की तैनाती की गई है। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
- अब तक 125 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अकेले बिहार शरीफ में 77 की गिरफ्तारी हुई है। सासाराम में 32 को गिरफ्तार किया गया है।
- बिहार शरीफ में सुरक्षा बलों की 10 कंपनियां तैनात की गई हैं। यहां अब तक 11 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पुलिस बोली- अफवाहों से दूर रहें, किसी ने डर से अपना घर नहीं छोड़ा
रोहतास पुलिस ने उन मीडिया रिपोर्ट्स का खंडन किया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि सासाराम में मुसलमानों के डर से हिंदू अपना घर छोड़ रहे हैं। पुलिस ने कहा कि यह पूरी तरह निराधार और अफवाह है। किसी ने अपना मोहल्ला नहीं छोड़ा है। हम आम जनता से अपील करते हैं कि ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सासाराम में स्थिति शांतिपूर्ण और सामान्य है।
सासाराम में दूसरे दिन भी बमबाजी
रोहतास के जिला मुख्यालय सासाराम के सफ्फुलागंज इलाके में शनिवार शाम को एक बार फिर बम फेंके गए। पुलिस ने घरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसमें 8 और लोगों को हिरासत में लिया गया। अब तक कुल 25 लोगों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है।
यहां गुरुवार रात रामनवमी की शोभायात्रा के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। सहजलाल इलाके में बाइक खड़ी करने और नारे लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। एक पक्ष ने गाड़ियों में तोड़फोड़ कर शोभायात्रा से लौट रहे लोगों के साथ मारपीट की थी।
इसके विरोध में शुक्रवार को दूसरा पक्ष सड़क पर उतर गया था। सासाराम के बस्ती मोड़, चौखंडी, आदमखानी, सोना पट्टी आदि इलाके में पथराव हुआ। इस दौरान बम भी फेंके गए थे। कुछ घरों में आग लगा दी गई थी। उपद्रव में कई लोगों के घायल हुए थे। तब से स्थिति यहां तनावपूर्ण है।
बिहार शरीफ में दूसरे दिन भी फायरिंग
नालंदा के बिहार शरीफ में शुक्रवार को जहां हिंसा हुई थी, उससे 1 किलोमीटर दूर शनिवार रात फिर फायरिंग हुई। फायरिंग में एक की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। पुलिस पर भी पथराव किया गया। यहां पर धारा-144 लगाई गई है।
बिहार शरीफ में शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान गगन दीवान के पास दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। दोनों पक्षों में जमकर पत्थर बाजी हुई। फिर आक्रोशित लोगों ने गाड़ियों और मकानों में आग लगा दिया। करीब 1 दर्जन गाड़ियों को आग के हवाले किया गया था। फायरिंग भी हुई थी, जिसमें 6 लोगों को गोली लगी थी। यहां पत्थर बाजी में कई घायल हुए थे।
गया में शोभायात्रा के दौरान झड़प
गया के चाकंद थाना क्षेत्र में भी रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर दो पक्षों के बीच शुक्रवार शाम जमकर झड़प हुई है। पुलिस पर भी एक पक्ष ने पथराव किया था। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव के बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पथराव करने वाले पक्ष के 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है। स्थिति नियंत्रण में है।