उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की चेतावनी के बावजूद राजद विधायक नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने वालों में पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह के साथ अब राजद के एक और विधायक विजय कुमार मंडल का नाम भी जुड़ गया है। हालांकि बयान के अगले दिन ही विधायक विजय मंडल ने अचानक सुर बदल लिया। वहीं सुधाकर सिंह पर अब तक कार्रवाई नहीं किये जाने पर जदयू संसदीय बोर्ड के नेशनल प्रेसिडेंट उपेन्द्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अच्छा काम करने के लिए सामान्य तौर पर जो एक परंपरा रही है कि मकर संक्रांति बीतने का इंतजार करते है उतना इंतजार आप लोग भी कीजिए।
उपेंद्र कुशवाहा ने आगे कहा कि राजद के शीर्ष नेतृत्व को यह सब देखना चाहिए कि उनके विधायक क्या बोल रहे हैं। इस तरह का बयान उचित नहीं है। तेजस्वी यादव खुद कह रहे हैं कि यह बर्दाश्त करने लायक नहीं है आखिर वे बर्दाश्त क्यों कर रहे हैं। इस सवाल का जवाब तो वही दे पाएंगे ना।
वहीं इस दौरान सुशील मोदी पर हमला बोलते हुए ललन सिंह ने कहा कि सुशील मोदी बिहार के बहुत बड़े नेता है और वे कुछ भी बोल सकते हैं। लोग तो यह भी कह रहे हैं कि जेपी नड्डा बिहार आए थे तो सुशील मोदी को निमंत्रण तक नहीं दिया गया। बीजपी के लोगों ने सुशील मोदी को एयरपोर्ट तक भी नहीं जाने दिया और ना ही नड्डा के साथ मंच पर बैठने दिया। उन्होंने कहा कि सुधाकर सिंह जो भी बोल रहे हैं वह गठबंधन का मामला है और गठबंधन के मामलों को सार्वजनिक तौर पर तय नहीं किया जा सकता है। ये काम बीजेपी के लोग करते थे जब जेडीयू एनडीए में थी।