मुख्यमंत्री आवास से राजभवन को मैसेज कर पूछा गया है कि राज्यपाल पटना में हैं क्या। राजभवन से बताया गया है कि 12 बजे के बाद आप कभी भी राज्यपाल से मिल सकते हैं। इधर, बीजेपी के सभी मंत्री और डिप्टी सीएम अपना इस्तीफा देंगे। रेणु देवी, मंगल पांडेय, अमरेंद्र सिंह, नितिन नवीन सम्राट चौधरी, नंद किशोर यादव । सभी डिप्टी सीएम आवास पहुंच चुके हैं।
बिहार में 5 साल बाद फिर से नीतीश कुमार की पार्टी JDU और BJP के बीच गठबंधन टूट गया है। मुख्यमंत्री आवास पर JDU के सांसदों और विधायकों की मीटिंग में इसकी घोषणा की गई है। इधर, नीतीश ने राज्यपाल फागू सिंह चौहान से मिलने का समय मांगा है।
अब से थोड़ी में जदयू नेताओं के साथ मुख्यमंत्री राजभवन जाएंगे। राजभवन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। भारी पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया है। इधर, राजद, कांग्रेस और वामदलों ने नीतीश सरकार को समर्थन देने के लिए पत्र तैयार कर लिया है।
इसी बीच कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने कहा है कि नीतीश कुमार महागठबंधन के मुख्यमंत्री होंगे। सबकुछ तय हो गया है।
सियासी उठापटक के बड़े अपडेट्स…
- राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव समर्थन पत्र सौंपने के लिए अब से थोड़ी देर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर जाएंगे। तेजस्वी करीब 115 विधायकों का समर्थन पत्र सौपेंगे।
- सूत्रों के मुताबिक नई सरकार के गठन से पहले तेजस्वी यादव ने गृह मंत्रालय की मांग की है। गृह मंत्रालय अभी तक नीतीश के पास है।
आज के अहम बयान….
रोहिणी आचार्य, लालू यादव की बेटी – राजतिलक की करो तैयारी, आ रहे हैं लालटेनधारी।
जीतन राम मांझी, पूर्व मुख्यमंत्री- बिहार में जो भी समीकरण बने। हम नीतीश कुमार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
नीरज सिंह, जदयू- हमारे नेता के खिलाफ साजिश की गई है। उनका कद छोटा करने का प्रयास किया गया। जल्द ही सबकुछ बताएंगे।
नीतीश का क्या है एक्शन प्लान?
बर्खास्त किए जाएंगे भाजपा कोटे के मंत्री
सूत्रों के मुताबिक नीतीश कैबिनेट में शामिल भाजपा कोटे के मंत्रियों को बर्खास्त किया जा सकता है। राज्यपाल को मुख्यमंत्री इस संदर्भ में पत्र सौंप सकते हैं। नीतीश कैबिनेट में वर्तमान में भाजपा कोटे के 16 मंत्री है, जिसमें 2 डिप्टी सीएम भी है।
फ्लोर टेस्ट के लिए पहले से ही तैयारी
गठबंधन टूटने के बाद नीतीश कुमार अब फ्लोर टेस्ट कराने की भी तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार सभी विधायकों को पटना में अगले 72 घंटों तक रहने का निर्देश दिया गया है। जदयू के पास बिहार विधानसभा में 45 विधायक हैं।