बिहार विधान मंड़ल का मानसून सत्र २४ जून से शुरू हो रहा है। सत्र ३० जून तक चलेगा। इस दौरान दोनों सदनों में पांच–पांच बैठकें होंगी। इसमें प्रथम अनुपूरक बजट के साथ साथ कई विधेयक भी पारित कराये जायेंगे। सत्र के छोटा होने के बावजूद हंगामेदार रहने के आसार हैं। केंद्र सरकार द्वारा भारतीय सेना में जवानों की नियुक्ति को लेकर लायी गयी अग्निपथ योजना के खिलाफ राज्य में उत्पन्न स्थिति का मुद्ा सदन में छाया रहेगा‚ वहीं राज्य में गिरती कानून व्यवस्था‚ हत्या‚ अपहरण आदि सवालों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। एक–दूसरे को जवाब देने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष ने पूरी तैयारी कर रखी है।
मानसून सत्र के पहले दिन आज विधानसभा और विधान परिषद इन दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। विधानसभा में सत्र की शुरुआत स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के प्रारंभिक संबोधन से होगी। इसके बाद अभ्यासी सदस्यों का मनोनयन होगा, साथ ही साथ स्पीकर विजय कुमार सिन्हा कार्य मंत्रणा समिति का गठन भी करेंगे। सदन में आज राज्यपाल द्वारा स्वीकृत विधायकों को पटल पर रखा जाएगा और वित्तीय वर्ष 2022–23 के प्रथम अनुपूरक बजट को सदन में रखे जाने के साथ दिवंगत सदस्यों को शोक संवेदना दी जाएगी। शोक प्रकाश के बाद विधानसभा की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित हो जाएगी। विधान परिषद में भी आज शोक प्रकाश के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित हो जाएगी।
विधानमंडल के मानसून सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की पूरी तैयारी है, हालांकि सत्र बेहद छोटा है। अलग–अलग मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। वहीं, सत्ता पक्ष सरकार की उपलब्धियों को सदन में प्रमुखता से रखने और विपक्ष के सवालों का जोरदार जवाब देने को तैयार है। इसको लेकर सभी दल आपस में विचार विमर्श भी कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा भी सभी दलों की बैठक कर सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने को लेकर आवश्यक पहली की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी जदयू विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक बुलायी है। बिहार विधान सभा में शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा का प्रारंभिक संबोधन होगा‚ चालू वित्तीय वर्ष २०२२–२३ के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी रखी जायेगी तो शोक प्रकाश होगा। वहीं २५ एवं २६ जून को सदन की बैठक नहीं होगी। २७ एवं २८ जून को राजकीय विधेयक पर चर्चा होगी। २९ जून को प्रथम अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी और सदन से पारित कराये जायेंगे। जबकि ३० जून को सदस्यों के गैर सरकारी संकल्प लिये जायेंगे और विधान सभा अध्यक्ष का समापन भाषण होगा। वहीं शुक्रवार को बिहार विधान परिषद में कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह का प्रारंभिक संबोधन होगा।