मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्पूर्ण क्रांति दिवस पर स्वतंत्रता सेनानी लोकनायक स्वर्गीय जयप्रकाश नारायण और उनके आदर्शों को याद किया। उन्होंने कहा कि खासकर नई पीढी को सम्पूर्ण क्रांति दिवस को याद रखना चाहिए। सम्पूर्ण क्रान्ति दिवस पर रविवार को गांधी मैदान के दक्षिण पश्चिम छोर पर स्थित गोलम्बर में स्थापित महान क्रान्तिकारी व स्वतंत्रता सेनानी लोकनायक स्वर्गीय जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा स्थल पर राजकीय समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकनायक की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत–शत नमन किया तथा उनके बताये आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर बिहार गीत का गायन किया गया तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा भजन कीर्तन एवं आरती की गयी। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ हर वर्ष आज के दिन को संपूर्ण क्रांति दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज ही के दिन सन १९७४ में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में जो बैठक हुई थी‚ उसमें हम सभी लोग शामिल हुए थे। उस आंदोलन की एक–एक चीज हमें याद है। ५ जून १९७४ के दिन उनके द्वारा संपूर्ण क्रांति की बात की गई‚ उसी के आधार पर हम लोगों ने बाद में संपूर्ण क्रांति दिवस के रूप मनाना शुरू किया। इस मौके पर हम लोग उन्हें माल्यार्पण करते हैं और इस दिन को एक विशेष उत्सव के रूप में मनाते हैं। बाद में ५ जून को ही विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाने लगा। विश्व पर्यावरण दिवस को भी हम लोग आदर के साथ मनाते हैं‚ अनेक कार्यक्रम भी किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में जो आंदोलन बिहार से शुरू हुआ उसका असर पूरे देश में हुआ। हम सब लोग उनके नेतृत्व में लगातार इस काम में लगे रहे। पुरानी बातें आज याद आती हैं तो अच्छा लगता है। आप सभी लोग युवा हैं इसलिए इन बातों को बताते हैं ताकि इसे आप लोग भी याद रखें। आज के दिन ही पूरे देश में संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया गया था‚ जिसे हम लोग आज विशेष अवसर के रूप में मनाते हैं। इसे सभी लोगों‚ खासकर नई पीढी को याद रखना चाहिए।’ वहीं विपक्ष द्वारा आज सरकार के कामकाज पर रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाने के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सबको अपना–अपना अधिकार है। इससे पूर्व गांधी मैदान के पास आयोजित इस राजकीय समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा‚ भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी‚ उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन‚ खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण लेसी सिंह‚ परिवहन मंत्री शीला कुमारी‚ पूर्व मंत्री सह विधायक नंद किशोर यादव‚ बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा‚ विधान पार्षद ललन सर्राफ‚ विधान पार्षद कुमुद वर्मा‚ पूर्व मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत–शत नमन किया।