बिहार में जानकी नवमी अर्थात सीता नवमी का त्योहार श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। बिहार के मिथिलांचल में इस त्योहार को अधिक तरजीह दी जाती है। मिथिलांचल को माता सीता का मायका कहा जाता है। इस खास मौके पर राज्यपाल फागु चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने लोगों को बधाई दी है। जानकी नवमी के अवसर मंदिरों में विशेष पूजा हो रही है। पटना जंक्शन के हनुमान मंदिर में भी रोज से अधिक रौनक देखने को मिल रही है।
राज्यपाल ने जानकी नवमी पर बिहारवासियों को शुभकामना दी
राज्यपाल फागू चौहान ने माता जानकी के जन्मोत्सव जानकी नवमी के अवसर पर सभी बिहारवासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि मां जानकी भारतीय नारी का आदर्श तथा त्याग, तपस्या, संयम, साधना, धैर्य और प्रेम की प्रतिमूर्ति हैं। उनकी सत्यनिष्ठा, चरित्रनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और पवित्रता हमारे लिए प्रेरक हैं। राज्यपाल ने जानकी नवमी पर्व को शांति, सदभाव और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है ताकि हमारी वैभवपूर्ण सांस्कृतिक विरासत और अनूठी राष्ट्रीय अस्मिता का संवद्र्धन हो सके।
नीतीश कुमार बोले- माता सीता का जीवन आदर्श
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को जनक नंदिनी माता सीता के जन्मोत्सव जानकी नवमी की बधाई दी है। मुुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि माता जानकी की जीवन गाथाओं से हमें त्याग, सेवा, संयम व प्रेम आदि जैसे गुणों को अपनानेे की प्रेरणा मिलती है। उनका जीवन हमारे लिए एक आदर्श है।
स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने दी शुभकामना
बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मां जानकी के जन्मोत्सव पर शुभकामनाएं दी हैैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के ह्रदय में विराजमान माता सीता को पवित्रता, संयम, त्याग-तपस्या, संकल्प, प्रेम, करुणा एवं समर्पण का आदर्श रूप माना जाता है। उनके गुणों को आत्मसात कर ही हम उनको सच्चे रूप में नमन कर सकते हैं।