बिहार दिवस समारोह का आगाज आज गांधी मैदान में हो रहा है। शुभारंभ राज्य गीत और बिहार गौरव गान से होगा। पार्श्वगायक कैलाश खेर की सुरीली आवाज भी गांधी मैदान में गूंजेगी। कैलाश खेर द्वारा सूफी व फिल्मी गीतों की प्रस्तुति करेंगे। तीन दिनों चलने वाले सांस्कृतिक प्रस्तुति गांधी मैदान व श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में होगी। दिवस को यादगार बनाने के लिए देश के नामचीन कलाकार आयोजन में भाग लेंगे।
गांधी मैदान के मुख्य मंच पर कैलाश खेर धमाल मचाएंगे। दूसरे दिन 23 मार्च को गायिका रेखा भारद्वाज के गीतों को सुनने का अवसर पटना वासियों को मिलेगा। बिहार दिवस के समापन पर 24 मार्च को सुखविंदर सिंह व उनकी टीम की ओर से गीतों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगा।
कर्ण की जीवनी मंच पर होगी जीवंत
श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में बिहार दिवस के मौके पर मंगलवार को शाम साढ़े छह बजे से रात्रि के साढ़े नौ बजे तक कलाकार महमूद फारूखी व उनकी टीम की ओर से दानवीर कर्ण की कथा मंच पर जीवंत की जाएगी। वहीं रंजना झा लोक गीत प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा प्राची पल्लवी साहू द्वारा कथक नृत्य एवं नीतू कुमारी नूतन द्वारा लोक गीतों की प्रस्तुति होगी। 23 मार्च को शाम साढ़े छह बजे से कथक नृत्यांगना नीलम चौधरी द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति एवं अहमद व मोहम्मद हुसैन की प्रस्तुति दर्शकों को आकर्षित करेगी। 24 मार्च को लावण्या राज की ओर से कथक की प्रस्तुति, सुनंदा शर्मा द्वारा ठुमरी की प्रस्तुति सभागार में होगी।
लोक नृत्य के जरिए बिहार विरासत की झलकियां
बिहार की विरासत को नृत्य और संगीत के जरिए कलाकारों द्वारा बिहार दिवस पर बयां किया जाएगा। गांधी मैदान में बने पवेलियन मंच पर 24 मार्च को बिहार के वरिष्ठ नाल वादक संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में लोक नृत्यांगना निहारिका कृष्ण अखौरी के निर्देशन में बिहार विरासत समूह की ओर से लोक नृत्य की प्रस्तुति होगी। लोक नृत्य झिझिया, कजरी, झूमर, बारहमासा, चैता, होली आदि के जरिए क्षेत्रीय जीवन का चित्रण कलाकार मंच पर करेंगे।
शिल्प कलाकृतियों का लगा स्टॉल
उद्योग विभाग अंतर्गत उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान की ओर से उद्योग मंडप का निर्माण गांधी मैदान में किया गया है। जिसमें 60 स्टाल लगाने के साथ 20 शिल्प कलाओं की जीवंत प्रस्तुति राज्य के शिल्प कलाकार देंगे। मंडप पर हैंडलूम, हस्त शिल्प कलाकृतियों के अलावा खादी वस्त्रों की बिक्री भी होगी।
बिहार दिवस के मौके पर गांधी मैदान में पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है। नेशनल बुक ट्रस्ट आफ इंडिया के उपनिदेशक राकेश कुमार ने बताया कि पुस्तक मेले में 31 प्रकाशक अपनी नवीनतम रचनाओं के साथ पाठकों के बीच होंगे। पुस्तक मेले का उद्घाटन मंगलवार को दोपहर दो बजे बिहार लोक सेवा आयोग पटना के सदस्य प्रो. अरुण कुमार भगत करेंगे। पुस्तक मेले का आयोजन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और बिहार सरकार के सौजन्य से किया जा रहा है।