राजद के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव ११ अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले पार्टी के खुले अधिवेशन में होगा। यह जानकारी बृहस्पतिवार को प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता श्याम रजक और अब्दुल बारी सिद्ीकी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। १२ फरवरी से पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होगा। उसके बाद प्रखंड़‚ जिला पंचायत में पार्टी का चुनाव होगा। पार्टी को पूरे देश में सुदृढ़ किया जायेगा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को सत्र २०२२– २०२५ के संगठनात्मक चुनाव के लिए राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी तथा श्री गगन को सहायक राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का हमेशा संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए लालू ने कहा कि इतिहास गवाह रहा है की किसी भी परिस्थिति में उन्होंने समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी से राजद की औकात बहुत बड़ी है। राजद का इतिहास संघर्ष का रहा है। राजद अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हमेशा संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए। राजद का जनाधार बहुत मजबूत है। निकाय चुनाव मे राजद के ८० फीसद से ज्यादा लोगों को जीत मिली। उन्होंने कहा कि राजद के विधायकों‚ पूर्व विधायकों‚ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सभी मतभेद भुला कर अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करनी चाहिये। यह ध्यान रहे कि इस काम में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं हो। उन्होंने कहा कि राजद ने तेजस्वी प्रसाद के नेतृत्व में कमाल कर दिखाया है। पिछले चुनाव में विरोधियों द्वारा बेईमानी करने के बाद भी राजद राज्य की सबसे बडी पार्टी बना हुआ है। लालू ने कहा कि राजद का जनाधार देश में कम नहीं है। आने वाला दिन हमलोगों का है। उन्होंने कहा कि राजद नागालैंड मणिपुर और त्रिपुरा में विधानसभा की कई सीटें जीत चुका है। जिन लोगों को पदाधिकारी बनाया जाता है‚ वे स्वयं मूल्यांकन करें कि उन्होंने पार्टी के लिए क्या किया और उन्हें क्या करना चाहिये। इस मौके पर लालू ने विरोधियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजकल देश में विषम परिस्थितियां बन गयी हैं। भाजपा और उसकी सरकार ने देश की एकता को खंडि़त किया है