बिहार में दो दिनों की बारिश जम्मू वाली सर्दी लेकर आ गई है। सभी 38 जिलों में हुई बारिश से मौसम पूरी तरह से ठंडा हो गया है। कई इलाकों में हुई ओलावृष्टि का भी असर अब पूरे बिहार में दिखाई दे रहा है। शुक्रवार रात कई जिलों में गरज के साथ हुई बारिश के इफेक्ट से आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट होगी। इसके बाद राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे होगा, जो जम्मू से भी कम होगा।
शनिवार को भी पटना समेत पूरे राज्य में कहीं-कहीं बारिश, बिजली की चमक, बादलों की गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज किशनगंज, कटिहार, अररिया और पूर्णिया में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, बेगूसराय और समस्तीपुर में ओला गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। पटना समेत ज्यादातर हिस्सों में कुहासा छाया रहेगा। मौसमविदों के अनुसार, रविवार से मौसम शुष्क होने की संभावना है।
सबसे सर्द रहा फारबिसगंज, न्यूनतम पारा 10.2
शुक्रवार को बिहार में फारबिसगंज सबसे सर्द रहा। यहां का न्यूनतम पारा 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम पारा 1.8 डिग्री बढ़कर 14 डिग्री दर्ज किया गया। गया का न्यूनतम पारा 4.4 डिग्री बढ़ गया और 14.9 डिग्री रहा। सूबे में नवादा का न्यूनतम पारा सबसे अधिक 15.6 डिग्री रहा। वहीं, जमुई का न्यूनतम पारा में 6 डिग्री का इजाफा हुआ और 15.1 डिग्री दर्ज किया गया। शेखपुरा का न्यूनतम पारा 6 डिग्री बढ़कर 14.4 डिग्री रहा। भागलपुर का न्यूनतम परा 13.2, पूर्णिया का 14.5, मुजफ्फरपुर का 13.9, दरभंगा का 13 डिग्री रहा।

पटना का अधिकतम पारा 5 डिग्री गिरा
पटना समेत पूरे बिहार में खिली हुई धूप नहीं निकलने और सर्द हवा के चलने की वजह से अधिकतम पारा गिर गया। पटना का अधिकतम पारा 18.4 डिग्री रहा, जो गुरुवार से करीब 6 डिग्री कम है। वहीं, गया का अधिकतम पारा 2 डिग्री गिरकर 22.3 डिग्री रहा। भागलपुर का अधिकतम पारा 5.4 डिग्री गिरकर 18 डिग्री रहा, जबकि पूर्णिया का 5.7 डिग्री गिरकर 18 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

बगहा के बाद सबसे अधिक बारिश बांका में
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में बगहा में सबसे अधिक 51.6 MM बारिश दर्ज की गई। इसके बाद बांका के चांदन में 50.2, पश्चिमी चंपारण के त्रिवेणी में 38.2, भागलपुर में 37.1, रोहतास के दिनारा में 36.4, खगढ़िया के बलतारा में 36.4, पटना में 36.2, कटिहार के बरारी में 36, पश्चिमी चंपारण के रामनगर में 35.2, इसी जिले के गौनाहा में 35.2, चनपटिया में 32.6, पूर्वी चंपारण के महेदी में 28.6, भागलपुर के बिहपुर में 28.4, पूर्वी चंपारण के चकिया में 26.5 MM बारिश हुई। पूरे बिहार में 23.3 MM बारिश हुई।

भागलपुर में फरवरी में नया रिकॉर्ड
भागलपुर में 37.1 MM बारिश हुई। फरवरी में 24 घंटे में इससे अधिक बारिश भागलपुर में कभी नहीं हुई। यानी नया ऑल टाइम रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले 14 फरवरी 1972 को 24 घंटे में 26.7 MM बारिश हुई थी। 2021 में फरवरी में भागलपुर में बारिश नहीं हुई थी।