प्रदेश मे स्थानीय निकाय कोटे से होने वाले विधान परिषद के चुनाव में सीटों को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक भाजपा और जदयू के बीच शनिवार को सहमति बन गयी। भाजपा को १३ सीटें मिली हैं‚ जबकि जदयू को ११ सीटें। भाजपा अपने कोटे की एक सीट पशुपति पारस के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) को देगी। यानी भाजपा १२ सीटों पर ही अपने प्रत्याशी उतारेगी। सीटों को लेकर हुए समझौते के तहत राजग के दो सहयोगी दलों जीतन राम मांझी के हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) को एक भी सीट नहीं मिली है।
इससे पहले भाजपा के बिहार मामलों के प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों के बीच इस मुद्दे को लेकर लगभग एक घंटे तक चर्चा हुई‚ जिसके बाद सीटों के समझौते पर अंतिम मुहर लगी। इसके बाद भाजपा और जदयू की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एक–एक कर सीटों की घोषणा की गयी। भूपेंद्र यादव ने भाजपा–जदयू के बीच सीटों के तालमेल पर सहमति होने की घोषणा की। इसके बाद शिक्षा मंत्री व जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने सीटों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि राज्य में भाजपा–जदयू की सरकार चार विधानसभा चुनावों में लगातार जनता का आशीर्वाद लेकर लोगों की सेवा कर रही है। दोनों दल आपस में सम्मानपूर्वक काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में १६ वर्षों से विकास के काम हो रहे हैं। श्री यादव ने कहा की १३ सीटें भाजपा के खाते में हैं। भाजपा अपने कोटे से एक वैशाली की सीट केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) को देगी। वहीं‚ जदयू ११ सीटों पर चुनाव लड़ेगा। जदयू के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा १३ सीटों पर लड़ना चाहती थी‚ जबकि जदयू ११ सीटों पर। इस पर लगातार बातचीत होती रही‚ लेकिन भाजपा ने एक सीट पर लोजपा को एडजस्ट किया है। यह आपसी समझदारी एवं मजबूत फैसला है। भाजपा जिन सीटों पर मैदान में उतरेगी‚ उनमें रोहतास‚ औरंगाबाद‚ सारण‚ सीवान‚ दरभंगा‚ पूर्वी चंपारण‚ किशनगंज‚ कटिहार‚ सहरसा‚ गोपालगंज‚ बेगूसराय‚ समस्तीपुर शामिल हैं। वहीं जदयू पटना‚ भोजपुर‚ गया‚ नालंदा‚ नवादा‚ मुजफ्फरपुर‚ पश्चिमी चंपारण‚ सीतामढ़ी‚ भागलपुर‚ मुंगेर और मधुबनी सीट पर चुनाव लड़े़गी‚ जबकि लोजपा पारस गुट वैशाली सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। पत्रकारों ने जब नेताओं से पूछा कि एनड़ीए में शामिल अन्य दल वीआइपी और हम को इसमें कोई भागीदारी नहीं मिली। इस पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि एनड़ीए में शामिल सभी दलों को विश्वास में लेकर सीटों पर फैसला किया गया है। साथ ही एनड़ीए में शामिल किसी दल को कोई आपत्ति होगी‚ तो मिल बैठकर इसका सामाधान निकाला जाएगा। नेताओं ने कहा कि हमें विश्वास है कि बिहार की जनता उनके उम्मीदरों को अपना आशीर्वाद देकर जरूर जितायेगी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव‚ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ड़ॉ. संजय जयसवाल‚ उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद‚ शिक्षा मंत्री विजय चौधरी और प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा मौजूद थे।
भाजपा : रोहतास, औरंगाबाद, सारण, सीवान, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, कटिहार, सहरसा, गोपालगंज, बेगूसराय, समस्तीपुर
जदयू : पटना, भोजपुर, गया, नालंदा, नवादा, मुजफ्फरपुर, प. चंपारण, सीतामढ़ी, भागलपुर, मुंगेर, मधुबनी,
रालोजपा : वैशाली