बिहार सरकार रेलमार्ग, जलमार्ग और सड़क मार्ग को जोड़ने का मास्टर प्लान तैयार करेगी। प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत यह स्टेट मास्टर प्लान होगा। इसमें मल्टी मोडल कनेक्टिविटी हब के तहत रेलमार्ग, जलमार्ग और सड़क मार्ग के साझा जंक्शन के स्थल भी चयनित कर चयनित कर विकसित किए जाएंगे। बिहार का पीएम गति शक्ति स्टेट मास्टर प्लान नेशनल मास्टर प्लान का हिस्सा होगा।
पीएम गति शक्ति योजना का नेशनल मास्टर प्लान अहमदाबाद के भास्कराचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस अप्लीकेशन एंड जियो इनफॉर्मेटिक्स की ओर से तैयार किया जा रहा है। इस मास्टर प्लान की आगामी दिशा तय करने के लिए पटना के महेंद्रू घाट स्थित रेलवे ऑफिस में रीजनल कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया। इसमें छह राज्यों बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया।
बिहार की ओर से दोनों उप मुख्यमंत्रियों तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी तथा पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने अपने विचार रखे। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन कोरोना संक्रमित हो जाने के कारण भाग नहीं ले सके। उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा और तकनीकी विकास निदेशक पंकज दीक्षित ने बिहार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। केंद्र सरकार के अधिकारियों ने गति शक्ति के नेशनल पोर्टल पर इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को लगातार साझा करते रहने की जरूरत बताई।