भाजपा के मोर्चा के कार्यकर्ता पार्टी के विचार के वाहक बनें। हमारे विचार एवं कार्य श्रेष्ठ होने चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय संगठक बी. सतीश ने सोमवार को रविन्द्र भवन में आयोजित मोर्चो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। बी. संतोष ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यों को जन–जन तक पहुंचाने में मोर्चा के कार्यकर्ता अग्रणी भूमिका निभायें। मोर्चा के कार्यकर्ता केन्द्र एवं राज्य की योजनाओं की जानकारी रखें तथा लोगों को बतायें। सभी बूथों पर पार्टी को मजबूत करना है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि मोर्चा के संगठन को सभी बूथों तक मजबूत बनाना है। सभी मोर्चा प्रत्येक मंडल में १०० नये लोगों को पार्टी से जोडें। पार्टी द्वारा तय किये गये कार्यक्रम को सभी मोर्चा के कार्यकर्ता नीचे तक ले जायें। जिला एवं मंडल कार्यसमिति की बैठक इस महीने के अंदर कर लें। केन्द्र सरकार की योजनाओं से आमजनों को अवगत करायें। नमो निधि समर्पण कार्य को आगे बढायें। प्रधानमंत्री स्वस्थ बच्चे‚ स्वस्थ युवा योजना पर काम कर रहे हैं। भाजपा का सपना है बिहार को आत्मनिर्भर बनाने का।
केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता नये लोगों को पार्टी से जोडने का संकल्प लें। हमेशा संगठन से नये लोगों को जोडते रहने से संगठन उर्जावान बनेगा। आजादी के अमृत महोत्सव पर हम सबों को नये लोगों को जोडकर संगठन को मजबूती प्रदान करना है। भाजपा को विश्व की सबसे बडी पार्टी बनाने में आप सभी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि मोर्चा के कार्यों से पार्टी ने नयी उंचाई को प्राप्त किया है। मोर्चा के कार्यकर्ता हर स्थिति में संघर्ष को तैयार होते हैं। पार्टी की नीति–रीति को जन–जन तक पहुंचाने तथा संकट की स्थिति में लोगों के साथ खडे होते हैं। कोरोना काल में कार्यकर्ताओं ने अपने मनोबल को दिखाया है।
भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने कहा कि मोर्चा को सर्वव्यापी‚ सर्वस्पर्शी एवं सर्वग्राही बनायें। समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोडें। सबों के बीच जाकर संगठन के कार्यों से अवगत करायें। केन्द्र एवं राज्य की योजना जिन वर्गों से संबंधित हो उनके बीच पहुंचकर जानकारी दें। नमो एप से जुडकर केन्द्र की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा लोगों को बतायें।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि सांगठनिक‚ सामाजिक एवं राजनीतिक विस्तार में मोर्चा के कार्यकर्ता की भूमिका आवश्यक होती है। मोर्चा के कार्यकर्ता आगे चलकर पार्टी के नेतृत्वकर्ता होते हैं। उन्होंने मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि टीकाकरण अवश्य करा लें। मोर्चा के कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर टीकाकरण के लिए समाज को जागरूक करें। नये वैरियंट से डरें नहीं सतर्क रहें।
पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने भी बैठक को संबोधित किया। बैठक का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार ने तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री बेबी कुमारी ने किया। बैठक का संयोजन प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु ने किया। बैठक में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन‚ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी‚ किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ ठाकुर‚ युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष सिंह‚ अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री निक्की हेम्ब्रम‚ युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्रेयसी सिंह‚ युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह‚ महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा‚ किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल‚ ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयनाथ चौहान‚ अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजीत चौधरी‚ अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तल्लु बास्की‚ अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना तुफैल कादरी सहित सभी मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य‚ सभी जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी उपस्थित थे।