मुंबई में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट का आज तीसरा दिन है और भारत ने लंच तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 142 रन बनाये। इस तरह से भारत की कुल बढ़त अब 405 रन की हो गयी है। न्यूजीलैंड की टीम भारत के पहली पारी के 325 रन के जवाब में 62 रन पर आउट हो गयी थी। लंच के समय कप्तान विराट कोहली 11 और शुभमन गिल 17 रन पर खेल रहे थे। भारत ने सुबह के सत्र में मयंक अग्रवाल (62) और चेतेश्वर पुजारा (47) के विकेट गंवाये। न्यूजीलैंड की तरफ से दोनों विकेट ऐजाज पटेल ने लिये। इस तरह से बायें हाथ का यह स्पिनर मैच में अब तक 12 विकेट ले चुका है। उन्होंने पहली पारी में 119 रन देकर सभी 10 विकेट हासिल किये थे।
500 रन की लीड
कोहली के जाने के बाद अक्षर पटेल और रिद्धिमान साहा भारतीय पारी को आगे बढ़ाने में लगे हैं। इस बीच भारत की बढ़त 66 ओवर के बाद 500 रन के आंकड़े को पार कर गई है। अब देखना है कि कप्तान कोहली कब पारी की घोषणा करते हैं।
रचिन का शिकार बने कोहली
कप्तान कोहली (36) के रुप में भारत के 5वें विकेट का पतन हो गया है। कीवी स्पिनर रचिन रविंद्र की गेंद पर कोहली बोल्ड हो गए।
चौथा झटका
भारत के चौथे विकेट का पतन, श्रेयस अय्यर 14 रन बनाकर हुए आउट। अय्यर को एजाज पटेल ने स्टंप आउट कराया।
गिल आउट
शुभमन गिल अर्धशतक से चूक गए हैं क्योंकि रचिन रविंद्र ने उन्हें 47 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया है। इस तरह भारत को लगा तीसरा झटका।
कोहली और गिल ने खोले हाथ
लंच के बाद कोहली और गिल ने अपने हाथ खोलने शुरु कर दिए हैं और तेजी से रन बटोर रहे हैं। भारत ने 51 ओवर तक 2 विकेट पर 169 रन बना लिए हैं और बढ़त को 432 रनों तक पहुंचा दिया है।
छक्का!
49वें ओवर की 5वीं गेंद पर छक्का लगाते हुए गिल ने भारत का स्कोर दूसरी पारी में 150 के पार पहुंचा दिया है। इस तरह भारत ने अपनी लीड को 418 रन कर लिया है।
लंच का ऐलान
46 ओवर के साथ ही लंच का ऐलान कर दिया गया है। भारत ने 2 विकेट पर 142 रन बनाए हैं और 405 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। गिल 17 जबकि कोहली 11 रन बनाकर खेल रहे हैं।
भारत की बढ़त 400 के पार
44 ओवर की समाप्ति के साथ ही टीम इंडिया की बढ़त 400 के पार पहुंच गई है। क्रीज पर कोहली (9) और गिल (17) डटे हुए हैं।
विकेट
टीम इंडिया को लगा दूसरा झटका. ओपनर चेतेश्वर पुजारा 47 रन बनाकर आउट हो गए हैं. एजाज पटेल की गेंद पर रॉस टेलर ने उनका कैच लपका. 115 के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है.
35 ओवर का खेल समाप्त
भारतीय टीम ने 35 ओवर के खेल तक दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 114 रन बना लिए हैं। पुजारा 47 और गिल 3 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की बढ़त 377 रनों की हो गई है।