जदयू के मुख्य प्रवक्ता पद से संजय सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह पूर्व मंत्री और विधान पार्षद नीरज कुमार को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। संजय सिंह का नाम कुल आठ प्रदेश प्रवक्ता की सूची में भी नहीं है। जदयू की ओर से जारी सूची में नीरज कुमार के अलावा विधान पार्षद रणवीर नंदन, प्रो सुहेली मेहता, डा अजय आलोक, निखिल मंडल, प्रगति मेहता, अरविंद निषाद एवं अभिषेक झा का नाम शामिल है। सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया।
विपक्ष पर हमलावर रहकर सत्ता पक्ष की बातें जोरदार ढंग से रखने वाले संजय सिंह को हटाए जाने का कुछ कारण नहीं बताया गया है। वहीं नीरज कुमार भी सरकार की बातें प्रभावी ढंग से रखने के साथ ही विपक्ष पर कड़े तेवर रखते हैं। वे मुखर होकर हमला करते थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार नीरज कुमार हर मुद्दे पर प्रमुखता से बातें रखते थे।विपक्षियों के आरोपों पर वे करारा जवाब देते थे। लेकिन मुख्य प्रवक्ता के तौर पर संजय सिंह इतने सक्रिय नहीं थे। आरोप यह भी लग रहे थे वे एक जाति विशेष के लोगों से घिरे रहते थे। प्रवक्ता नहीं रहते हुए भी नीरज कुमार की सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने यह निर्णय लिया है।
एक मंत्री पद मिलने पर आ रही थी नाराजगी की खबरें
बता दें कि इन दिनों जदयू में हलचल मची है। केंद्र में केवल एक मंत्री बनाए जाने को लेकर भी अंदरखाने कई तरह के विरोध की बातें आ रही थीं। ललन सिंह को मंत्री नहीं बनाए जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी आरोप लग रहे थे। विपक्ष भी लगातार हमले कर रहा था। इस बीच मुख्यमंत्री के काफी करीबी माने जाने वाले संजय सिंह को प्रवक्ता पद से हटा देना राजनीतिक रूप से बड़ी बात मानी जा रही है।