बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन देश में व्याप्त समस्या को प्रदर्शित करते हुए विधायक पहुंचे। सत्र के पहले दिन बेहद खास तस्वीर सामने आयी है। विधान सभा पहुंचने के क्रम में कोई मिट्टी का चूल्हा से लेकर तो कोई साइकिल पर सवार होकर विधान सभा परिसर पहुंचे। राजापाकर की कांग्रेस विधायक प्रतिमा कुमारी मिट्टी का चूल्हा लेकर विधानसभा परिसर आईं‚ तो कदवा से कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान लकडी लिए हुए सदन पहुंचे। कांग्रेस विधायक प्रतिमा कुमारी ने कहा कि मिट्टी का चूल्हा एक संदेश है केंद्र सरकार को। सरकार ने २०१४ में सपना दिखाया था कि महिलाएं गैस चूल्हा पर खाना बनाएंगी। लेकिन देश में रसोई गैस की कीमत लगातार बढ रही है‚ गरीब महिलाएं रसोई गैस नहीं खरीद पा रही हैं। राजद विधायक विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन साइकिल से सदन पहुंचे। उन्होंने कहा कि पेट्रोल–डीजल की बढती कीमतों से लोग परेशान हैं। साइकिल पर लगे पोस्टर के लिए जरिये उन्होंने एनड़ीए सरकार को फेल बताया। साथ ही पेट्रोल–डीजल की कीमतों को कम करने की मांग की। इसी तरह राजद विधायक मुकेश रौशन साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। देशभर में पेट्रोल और डीजल के बढते दामों को लेकर अपना विरोध जताने के लिए उन्होंने ये कदम उठाया। महुआ विधानसभा सीट से विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि मैं हाजीपुर से आया हूं। मैं सुबह ७ बजे वहां से चलना शुरू किया। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध चरम पर है। सब कुछ महंगा है। इस सब मुद्दों पर हम विधानसभा सत्र के दौरान सरकार से सवाल करेंगे। इससे पहले विधानमंडल परिसर में ओवैसी की पार्टी के सभी विधायकों ने सीमांचल में बाढ पीडितों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। ओवैसी की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि हम लोग अपनी बात सरकार को सुनाएंगे‚ अगर सलीके से नहीं सुनेंगे तो अपने तरीके से सुनाएंगे। उन्होंने कहा है कि सीमांचल के साथ हमेशा अनदेखी हुई है। बाढ पीडित परिवार अभी भी सडक किनारे रहने को मजबूर हैं। उन्हें सहायता राशि नहीं मिली है। रहने को घर भी नहीं दी गई है। सीमांचल के बाढ पीडितों के लिए अलग से व्यवस्था करने की मांग करेंगे। वहीं‚ किसान आंदोलन के दौरान किसानों की हुई मौत को लेकर विधानमंडल परिसर में विपक्ष के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर की मूर्ति के पास श्रद्धांजलि भी दी। विपक्ष के नेता तेजस्वी और तेजप्रताप यादव विधानसभा पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष से उनके कक्ष में मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता भेंट किया।
बिहार विधानसभा में आज राष्ट्रगान के अपमान के मुद्दे पर बवाल , राबड़ी देवी और तेजस्वी ने नीतीश से इस्तीफे की मांग की.
बिहार विधानमंडल की दो सदनों विधान परिषद और विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वायरल वीडियो को लेकर...