मुम्बई नगर निगम चुनाव में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय हो चुके हैं। अब सिर्फ औपचारिकताएं बाकी रह गई हैं। यहां मेयर बीजेपी का चुना जाना है और पार्टी ने इस पद के लिए रीतू तावड़े का नाम चुन लिया है। वह जल्द ही मेयर पद के लिए नामांकन करेंगी। इससे पहले ही बीएमसी में बीजेपी के पार्षद पहुंच रहें हैं। यहां पहली बार बीजेपी का मेयर बनने वाला है, इसलिए बीएमसी के बीजेपी कार्यालय में 10 पंडितों को बुलाया गया है। मेयर के नाम के ऐलान के पहले वेद मंत्रों का उच्चारण हुआ और शंखनाद किया गया।
भाजपा की ओर से रीतू तावड़े महापौर पद के लिए जल्द ही नामांकन भरेंगी। वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना की ओर से संजय घाड़ी नामांकन भरेंगे। उनका उप महापौर का पद सवा वर्ष के लिए रहेगा।
कौन हैं रीतू तावड़े?
रीतु तावड़े घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में वह महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं। उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और नागरिक मुद्दों को कुशलता से सुलझाने के लिए जाना जाता है। मराठा समुदाय से होने के बावजूद, उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में अपनी अच्छी पकड़ बनाई है। उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद से पार्टी में लगातार उनका कद मजबूत हुआ है।
मेयर कैंडिडेट रितु तावड़े
- रितु तावड़े BJP की सीनियर कॉर्पोरेटर हैं.
- वह 2012 में वार्ड नंबर 127 से जीती थीं.
- रितु तावड़े पहली बार 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से चुनी गई थीं.
- इसके बाद, रितु तावड़े 2025 के चुनाव में वार्ड नंबर 132 से जीतीं.
- वह मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन रह चुकी हैं.
- रितु तावड़े को शुरुआत से मेयर पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था.
पूरी हुई शिवसेना की मांग
शिवसेना शिंदे गुट के संजय घाड़ी डिप्टी मेयर होंगे.बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद, शिवसेना पर भी राजनीतिक निगाहें टिकी थीं, जिसने उप महापौर पद की मांग की थी. सीटों का गणित शिंदे के पक्ष में है. बहुमत के लिए 114 का आंकड़ा चाहिए. बीजेपी के पास 89 सीटें हैं, यानी उसे अभी भी 26 और पार्षदों की जरूरत है, शिंदे की 29 सीटें ने ही बीजेपी को सत्ता की कुर्सी तक पहुंचाया है, इसी वजह से अब उन्हें सत्ता में साझेदारी दी गई है.

किसको मिली हैं कितनी सीटें?
बीएमसी चुनाव परिणामों में बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं. वहीं शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं. इस तरह गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. दूसरी तरफ शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने 65 सीटें हासिल की हैं. इसके अलावा मनसे को 6 सीटें और शरद पवार गुट की एनसीपी को 1 सीट मिली है. ऐसे में सत्ता की लड़ाई दिलचस्प होने वाली है.







