अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार सुबह ईरान और इजराइल के बीच युद्धविराम का ऐलान किया. इसके बाद पहले इजराइल और बाद में ईरान की तरफ से सीजफायर की बात कही गई. हालांकि इसके कुछ ही देर बार ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इजराइल को वॉर्निंग दे डाली. लिखा कि “इजराइल, ये बम मत गिराना. अगर ऐसा किया तो (संघर्षविराम) का बहुत बड़ा उल्लंघन होगा. अपने पायलटों को वापस बुलो लो, अभी तुरंत.”
बताया जा रहा है कि ट्रंप को यह चेतावनी इसलिए जारी करनी पड़ी क्योंकि ईरान-इजरायल के बीच युद्धविराम की मध्यस्थता कराने के दावे के कुछ ही घंटों बाद इजरायली सेना की तरफ से कहा गया था कि ईरान ने उसकी तरफ एक और मिसाइल दागी है और उसने इस पर जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई है.
हालांकि इसके 40 मिनट बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर फिर लिखा कि इजराइल ईरान पर हमला करने नहीं जा रहा है. सभी विमान वापस बुलाए जा रहे हैं. ईरान के ऊपर ‘दोस्ताना चक्कर’ लगाने के बाद ये विमान अब घर लौट रहे हैं. कोई भी नुकसान नहीं होगा. सीजफायर अब भी कायम है. ट्रंप ने इजराइल को इस बात के लिए धन्यवाद भी दिया कि उसने उनकी बात को तवज्जो दी है.
बाद में ट्रंप ने एक और पोस्ट में लिखा कि ईरान अब कभी भी अपने परमाणु केंद्र फिर से तैयार नहीं कर पाएगा.







