बिहार के सीएम नीतीश कुमार आज दिल्ली जाएंगे। शाम 4:05 बजे विशेष विमान से रवाना होंगे। PS0(पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर) परमवीर यादव की बेटी की शादी समारोह में शामिल होंगे। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं। 17 फरवरी को रूटीन चेकअप के बाद पटना लौट जाएंगे।
भूरथल गांव पहुंचे थे मुख्यमंत्री
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री सबसे पहले हरियाणा के गुरुग्राम जाएंगे। पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर परमवीर यादव की बेटी की शादी समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले 16 नवंबर 2024 को विक्रम परमवीर के बेटे की सगाई समारोह में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार हरियाणा के रेवाड़ी जिले के भूरथल गांव पहुंचे थे।
24 साल पहले पर्सनल सिक्योरिटी में तैनात हुए
पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर परमवीर यादव सीएम नीतीश कुमार के काफी करीब हैं। 24 साल पहले परमवीर यादव तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी सरकार में रेल मंत्री रहे नीतीश कुमार की पर्सनल सिक्योरिटी में तैनात किए गए थे। वह दिल्ली पुलिस के सिपाही हैं। तब से लेकर अब तक परमवीर यादव CM नीतीश कुमार की सुरक्षा में तैनात हैं।
परमवीर यादव ने उस समय ही नीतीश कुमार से निवेदन किया था कि वह एक दिन उनके घर जरूर आएं। उस समय नीतीश कुमार ने कहा था कि मौका लगा तो जरूर आएंगे। करीब 24 साल पहले किया वादा नीतीश ने परमवीर के बेटे के लग्न समारोह में पहुंचकर पूरा किया था।
PSO ने दिया था शादी का निमंत्रण
CM नीतीश का स्नेह हमेशा से ही परमवीर यादव के साथ रहा है। इसी के चलते जब परमवीर यादव ने CM नीतीश को बेटे की शादी का निमंत्रण दिया तो CM ने उन्हें खुद गांव पहुंचकर आशीर्वाद देने की बात कही थी। और हुआ भी ऐसा ही।
24 फरवरी को पीएम मोदी का बिहार दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को बिहार दौरे पर आएंगे। भागलपुर में किसान निधि सम्मान योजना के वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां जोरो शोर से चल रही है। उससे पहले सीएम नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
ऐसा माना जा रहा है कि नीतीश कुमार केंद्रीय बजट से काफी खुश हैं। इसी को लेकर पीएम मोदी को बधाई देने का कार्यक्रम बनाया है। बता दें कि इससे पहले जब सीएम नीतीश कुमार दिल्ली गए थे तब उन्होंने पीएम मोदी और अन्य किसी बीजेपी नेता से मुलाकात नहीं की थी। जिसकी वजह से नीतीश कुमार की नाराजगी की चर्चाएं जोरों पर थी।







