पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार सत्ता के लिए ऐसे दल से मिल गए, जिसके आधा दर्जन से ज्यादा विधायक हत्या, अपहरण, दुष्कर्म और भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में अभियुक्त या सजायाफ्ता हैं। मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर मुख्यमंत्री के बयान की बिहार में जनता राज पर टिप्पणी की और कहा, जहां कानून की नजर में वांछित अभियुक्त को कानून मंत्री बना दिया जाता हो और फिर उसे इस्तीफा देते ही गिरफ्तार करने की बयान फरार होने का मौका दिया जाए क्या वहां जनता का राज हो सकता है।
ऐसी सरकार को जनता राज कहेंगे नीतीश जी
उन्होंने कहा, रीतलाल यादव के गुर्गों का खनन विभाग के अधिकारियों को खुले आम हत्या की धमकी देना क्या जनता का राज है? भ्रष्टाचार के मामले में सजा होने के बाद राजद विधायक अनिल सहनी की विधानसभा सदस्यता जाने वाली है। इससे पहले एके-47 बरामद होने पर अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त हुई थी। नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के दोषी पाए गए राजद के राजबल्लभ यादव को भी विधायकी से वंचित होना पड़ा था। अब राजद विधायक अरुण यादव ऐसे मामलों में फरार बताए जा रहे हैं। मोदी ने कहा, जो दल दुष्कर्मियों को बचाता हो उसके समर्थन से चलने वाली सरकार को क्या जनता राज कहेंगे?
सुशील मोदी के बयानों पर तरस आता है \ विधान पार्षद व पार्टी के उपाध्यक्ष संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा नेता सुशील मोदी के बयान को देखकर तरस आता है। उन्हें अब रिटायरमेंट ले लेना चाहिए। संजय ने कहा कि जिस अरुण यादव की चर्चा सुशील मोदी कर रहे वह फरार नहीं है बल्कि जेल में है। इसी वर्ष जुलाई में सरेंडर करने के बाद वह जेल भेजे गए थे। यह भाजपा नेता का दिवालियापन है कि बगैर जानकारी किए बिना उन्होंने बयान जारी कर दिया। पूर्व कानून मंत्री कार्तिक कुमार के बारे में उन्हें यह पता होना चाहिए कि उनका पूरा मामला न्यायालय में है। इसमें राज्य सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार न तो किसी को फंसाते है और न ही बचाते हैं। संजय ने कहा कि दरअसल भाजपा में जो भी अपराधी जाते हैं तो वहां वे साधु हो जाते हैं। सुशील मोदी को अपना नजरिया बदल लेना चाहिए क्याेंकि अब वह रिटायरमेंट के कगार पर आ गए हैं।