देश के अगले राष्ट्रपति के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। सांसद दिल्ली में स्तिथ संसद भवन में और विधायक अपने राज्यों की विधानसभा में मतदान कर रहे हैं। मतदान आज यानि सोमवार को हो रहा है और परिणाम 21 जुलाई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित हो जाएगा। NDA की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू प्रत्याशी हैं वहीं विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं।
मतदान के बीच कई राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबर आ रही है। ख़बरों के अनुसार कई राज्यों में विपक्षी दलों के विधायकों ने NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है। ओडिशा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने कहा कि, “मैं कांग्रेस का विधायक हूं लेकिन मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा निजी फैसला है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे धरती के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया।”
इसके साथ ही असम से AIDUF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि असम में कांग्रेस के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करिमुद्दीन के अनुसार, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिला अध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।
वहीं इससे पहले गुजरात के कुटियाना विधानसभा से NCP विधायक कांधल एस जडेजा ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में वोट करने की बात कही है। विधानसभा में मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने NDA के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।
क्रॉस वोटिंग के डर से BJP ने विधायकों को होटल में रखा
बंगाल में भाजपा ने क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए पहले विधायकों को कोलकाता में एक होटल में रखा। फिर इसके बाद सभी विधायक एक साथ बस से विधानसभा लाए गए। इधर, आसनसोल से TMC विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने दावा किया कि उनके पास एक धमकी भरा फोन आया था, जिसमें द्रौपदी मुर्मू को समर्थन नहीं देने पर ED-CBI की छापेमारी की बात कही गई है।
वोटिंग के बीच 2 बड़े बयान…
1. यशवंत सिन्हा- मैं भी भाजपा में ही रहा हूं। सभी विधायक और सांसद अपनी अंतरात्मा की आवाज पर वोट डाले। ये लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है।
2. नरेंद्र मोदी- आज देश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। सदन के इस सत्र में हमें नए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का मार्गदर्शन मिलेगा।
राष्ट्रपति चुनाव: NDA कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की, फिर भी विधायकों को छिपाता फिर रहा है विपक्ष
इसलिए मुर्मू की जीत तय मानी जा रही
भाजपा ने 21 जून को मुर्मू को उम्मीदवार बनाया था, तब एनडीए के खाते में 5,63,825 यानी 52% वोट थे। 24 विपक्षी दलों के साथ होने पर सिन्हा के साथ 4,80,748 यानी 44% वोट माने जा रहे थे। बीते 27 दिन में कई गैर एनडीए दल समर्थन में आने से मुर्मू को निर्णायक बढ़त मिल गई। सभी 10,86,431 वोट पड़ते हैं तो 6.67 लाख (61%) से अधिक वोट मुर्मू को मिलेंगे। सिन्हा के वोट घटकर 4.19 लाख रह गए। जीत के लिए 5,40,065 वोट चाहिए।
21 को काउंटिंग, 25 को शपथ ग्रहण
वोटिंग के बाद सभी राज्यों से मत पेटियां दिल्ली लाई जाएंगी और 21 जुलाई को वोटों की गिनती के बाद देश के नए राष्ट्रपति की घोषणा कर दी जाएगी। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।







